रंजीत संपादक
ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति महोदय के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में थाना ट्रांजिट कैम्प पुलिस टीम द्वारा एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र के साथ संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की गई।
दिनांक 17.02.2026 को मुखबिर की सूचना पर ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र अंतर्गत मछली मार्केट रोड स्थित “गंगवार जनसेवा केन्द्र” नामक दुकान पर छापेमारी की गई, जहां अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे थे। मौके से अभियुक्त चेतन कुमार पुत्र राजपाल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम एन्चौरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उ0प्र0), हाल निवासी गड्ढा कॉलोनी शिमलाबहादुर, थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह PIXELLAB एप्लीकेशन के माध्यम से कस्टमर की फोटो, नाम व पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अंकतालिका तैयार करता था, जिन्हें सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी हेतु प्रयोग किया जाता था। दुकान व मोबाइल की जांच में बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, कूटरचित अंकतालिकाएं तथा डिजिटल प्रतियां पाई गईं। कंप्यूटर स्क्रीन पर भी फर्जी मार्कशीट की प्रतियां प्रदर्शित हो रही थीं। अभियुक्त के विरुद्ध थाना ट्रांजिट कैम्प पर मुकदमा एफआईआर संख्या 58/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/340(2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि फर्जी दस्तावेज बनवाने अथवा उपयोग करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।






















