रंजीत संपादक
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन रुद्रपुर स्थित सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण और पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।गोष्ठी में आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त, मोबाइल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग तथा सत्यापन अभियान चलाने को कहा।एसएसपी ने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, पहले से स्थापित कैमरों को चालू रखने और उनकी 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।नशा तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, अवैध हथियारों के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि जनपद का माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और पीड़ितों को सुरक्षा एवं पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, न्यायालय से जारी वारंटों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की भी समीक्षा की। विवेचकों को मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी ने सख्ती दिखाई। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, मॉडिफाइड एवं रेट्रो साइलेंसर, काली फिल्म, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बिना रिफ्लेक्टर लगे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान करने तथा रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट पहनना अनिवार्य करने को कहा गया।
एसएसपी ने आम जनता की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने और उनका त्वरित निस्तारण करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाने और चौकियों में आने वाले फरियादियों के साथ पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए।





















