रंजीत संपादक
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)।** अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक महिला के कब्जे से 21 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माननीय आबकारी आयुक्त के आदेश एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र-1 रुद्रपुर की आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में टीम ने अरविंद नगर, वार्ड नंबर-4, ट्रांजिट कैंप में कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान अनिता बिश्वास पत्नी निताये बिश्वास के कब्जे से 21 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग की टीम ने बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए संबंधित महिला के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के अड्डों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।





















