रंजीत संपादक :- रुद्रपुर। आगामी कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने निर्देश दिए कि पूरे जनपद में “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और किरायेदारों का व्यापक सत्यापन अभियान भी संचालित किया जाएगा। बैठक में कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा लगातार गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सेल एवं स्थानीय पुलिस की टीमें 24×7 सोशल मीडिया मॉनिटरिंग करेंगी। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी अजय गणपति ने धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस उपस्थिति, होटल-ढाबों और किरायेदारों के सत्यापन, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स तथा शांति समिति, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेला और चेहल्लुम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना ऊधमसिंहनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरी जनपद पुलिस हाई अलर्ट मोड पर रहकर हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखेगी।





















