रंजीत संपादक
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड में हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात शिव एन्क्लेव कॉलोनी में फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। इस मामले में 25 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने किच्छा रोड स्थित एफसीआई गोदाम के सामने एक खाली चाय के खोखे के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदू निवासी रामपुर, सोहेल निवासी आजादनगर ट्रांजिट कैंप और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली निवासी भदईपुरा के रूप में हुई है। दोस्त को छुड़ाने के लिए की फायरिंग, दो वाहनों में तोड़फोड़ पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 24 सितंबर की रात उनका दोस्त साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव कॉलोनी में अपनी एक परिचित से मिलने गया था। वहां कॉलोनी के लोगों ने उसे घेर लिया, जिसके बाद उसके दोस्तों को फोन कर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ कॉलोनी में पहुंचे और हवाई फायरिंग करते हुए साजेब की कार लेने का प्रयास किया। कार के टायरों के नट खुले होने के कारण वे उसे नहीं ले जा सके। इसके बाद गुस्से में आरोपियों ने वहां खड़े दो वाहनों को तलवार से क्षतिग्रस्त कर दिया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। तीनों आरोपियों से अवैध हथियार बरामद पुलिस ने बताया कि आरोपी नंदू के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, सोहेल और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली के कब्जे से एक-एक .315 बोर का तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी की सख्त चेतावनी
एसएसपी अजय गणपति ने फायरिंग और अवैध असलहों के इस्तेमाल करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु आर्य शामिल रहे।




















