रंजीत संपादक
रुद्रपुर/सितारगंज।. ऊधम सिंह नगर जिले में महिला अपराधों एवं गंभीर आपराधिक मामलों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सितारगंज पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मामले में 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया गया, जबकि दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में वांछित आरोपी को बरेली से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली सितारगंज में अपनी 17 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा संख्या 566/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर किशोरी की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर किशोरी की तलाश की। इसी दौरान पुलिस को रुद्रपुर के फुलसुंगी स्थित तीन पानी डैम क्षेत्र में एक युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान रवि कश्यप उर्फ गोलू, निवासी वार्ड नंबर-6 नहरपार, सितारगंज के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर किशोरी को रुद्रपुर में किराये के कमरे से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ और जांच के दौरान मामले में बीएनएस की धारा 137(2), 87, 64(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी रवि कश्यप उर्फ गोलू को 19 नवंबर 2026 को रात 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया
दूसरा मामला: अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोपी बरेली से गिरफ्तार
दूसरे मामले में एक पीड़िता ने सचिन द्विवेदी के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। इसके अलावा पीड़िता ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था।
इस मामले में आरोपी सचिन द्विवेदी वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। 19 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर सितारगंज पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित रोहिलखंड अस्पताल से आरोपी सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द को गिरफ्तार कर लिया।





















