रंजीर संपादक :- ऊधमसिंह नगर। जिला पंचायत भवन स्थित कार्यालय में सोमवार को उपप्रधान संगठन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे उपप्रधान संगठन के अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया। बैठक में संगठन की जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष के चयन के लिए कम से कम चार ब्लॉक अध्यक्षों की सहमति आवश्यक होगी। इसी क्रम में बाजपुर, गदरपुर और खटीमा ब्लॉक के अध्यक्षों ने सितारगंज ब्लॉक अध्यक्ष तनुजा गुप्ता के नाम पर अपनी सहमति जताई। इसके बाद तनुजा गुप्ता को उपप्रधान संगठन, ऊधमसिंह नगर का जिला अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही सतनाम सिंह को जिला महामंत्री तथा साधना को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों के चयन के बाद संगठन से जुड़े सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष तनुजा गुप्ता ने कहा कि जिले के सभी ब्लॉकों के उपप्रधानों को एकजुट कर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपप्रधानों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा तथा संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष उनकी समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा। बैठक में उपस्थित ब्लॉक अध्यक्षों ने भी संगठन को मजबूत करने और उपप्रधानों के हित में एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन ने जिले में अपनी गतिविधियों को और सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।